उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की है।
प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने चार अप्रैल को बैठक की थी।
शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक बयान में कहा गया है, ‘‘उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने चार अप्रैल, 2025 को हुई बैठक में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की है।’’
न्यायमूर्ति पल्ली को 28 दिसंबर, 2013 को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की पीठ में पदोन्नत किया गया था। उन्हें 26 अप्रैल, 2007 को वरिष्ठ अधिवक्ता के तौर पर नामित किया गया था।